निपुण कक्षाओं के लिए कक्षा तत्परता कार्यक्रम का उन्मुखीकरण सत्र आयोजित

महेंद्रगढ़,9 जून(परमजीत सिंह)।
जिला मौलिक शिक्षा विभाग महेंद्रगढ़ द्वारा खंड कनीना व महेंद्रगढ़ में ‘कक्षा तत्परता कार्यक्रम’ का उन्मुखीकरण सत्र आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ करते हुए जिला समन्वयक डॉ विक्रम सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम छात्रों को पिछली कक्षा की दक्षताओं को प्राप्त करने तथा अगली कक्षा की तैयारी करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्य प्रशिक्षक के रूप में शिक्षा विभाग पंचकूला से आए जतिन कुमार ने सभी प्राथमिक विद्यालयों के मुखियाओं, एबीआरसी और बीआरपी को इस प्रशिक्षण की बारीकियां से रूबरू करवाया। कक्षा तत्परता कार्यक्रम 25 मई तक विद्यालयों में संचालित किया जाएगा। जिसमें हिंदी, अंग्रेजी एवं गणित विषयों की दक्षताओं पर कार्य किया जाएगा। पिछली कक्षा की दक्षता में निपुणता प्राप्त करने के उपरांत बच्चों को अगली कक्षा के लिए तैयार किया जाएगा। 24 मई को राज्य स्तर पर इसका आकलन करने के उपरांत अभिभावक शिक्षक बैठक का आयोजन किया जाएगा। कक्षा तत्परता कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से स्किल पासबुक तैयार की गई है। जिसे सभी प्राथमिक अध्यापकों द्वारा भरकर तैयार किया जाएगा और कार्यक्रम के अंत में 24 मई से पहले एक बार पुनः स्किल पासबुक में दक्षताओं को दर्ज किया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी कनीना डॉ विश्वेश्वर कौशिक ने कक्षा तत्परता कार्यक्रम के प्रतिभागियों को पूरी लगन और मेहनत के साथ काम करने का निर्देश दिया तथा साथ ही प्राथमिक कक्षाओं को शिक्षा विभाग की नींव बताते हुए इन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह भी किया। खंड संसाधन संयोजक कनीना दिलबाग सिंह ने सभी प्राथमिक अध्यापकों को अपने अपने विद्यालय में कक्षा तत्परता कार्यक्रम लागू करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर बीआरसी कंवर सिंह, प्राचार्य सुनील खुडानिया व संपर्क फाउंडेशन से मनीष कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top