हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में दूरस्थ पाठ्यक्रमों के जुलाई 2025 सत्र के लिए दाखिले शुरु

महेंद्रगढ़,12 जून(परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
-कुलपति ने किया शुभारंभ, 31 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में ओपन डिस्टेंस लर्निंग के अंतर्गत तीन नए डिस्टेंस एजुकेशन पाठ्यक्रम एम.ए. जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, एम.ए. हिंदी व एम.कॉम में जुलाई सत्र 2025 के लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरु हो गई है। विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने गुरुवार को एडमिशन पोस्टर जारी किया। विश्वविद्यालय में ये तीनों पाठ्यक्रम  डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (डीईबी), विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा ओपन डिस्टेंस प्रोग्राम के अंतर्गत उपलब्ध कराए जा रहे हैं। 
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने कहा कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से अध्ययन के नए विकल्प उपलब्ध कराएं जा रहे हैं। कुलपति ने कहा कि दक्षिण हरियाणा व इससे सटे राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले युवाओं के लिए ये पाठ्यक्रम उच्च शिक्षा प्राप्त करने का एक सुनहरा अवसर है। कुलपति ने बताया कि डिस्टेंस एजुकेशन कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार तैयार किए गए हैं। ये सभी कार्यक्रम सेमेस्टर आधार पर उपलब्ध हैं। पोर्टल की शुरुआत के अवसर पर विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा एवं वित्त अधिकारी डॉ. विकास कुमार भी उपस्थित रहे।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन के निदेशक प्रो. सिंगारा सिंह ने बताया कि सभी उपलब्ध पाठ्यक्रमों के लिए सेल्फ लर्निंग मेटिरियल विश्वविद्यालय के शिक्षकों व अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के शिक्षकों द्वारा तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि ये पाठ्यक्रम विकल्प आधारित क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस), उद्योग उन्मुख विशेषता व नियमित उपाधि के समतुल्य हैं। साथ ही इन पाठ्यक्रमों में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को शिक्षा शुल्क से छूट प्राप्त है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा तीनों पाठ्यक्रमों में जुलाई सत्र के लिए प्रवेश हेतु पंजीकरण http://cuhcdoeadm.samarth.edu.in/ पर लॉगइन कर किया जा सकता है। इन पाठ्यक्रमों में पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 है। इस संबंध में विस्तृत विवरण विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.cuh.ac.in व https://cdoe.cuh.ac.in/ पर उपलब्ध है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top