महेंद्रगढ़, 14 जून (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सब डिविजनल हॉस्पिटल कनीना में प्रथम रेफरल यूनिट का शुभारंभ किया।
इस यूनिट के शुरू होने से अब कनीना व आसपास के 37 गांवों की लगभग 1.06 लाख की जनसंख्या को आपातकालीन प्रसव, ऑपरेशन तथा गंभीर रोगों के इलाज के लिए जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। यह यूनिट ग्रामीण जनता को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रेफरल यूनिट के निर्माण व संचालन के लिए हरियाणा सरकार द्वारा 10 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई थी, जिससे ऑपरेशन थियेटर के लिए अत्याधुनिक उपकरण जैसे ऑपरेशन टेबल, लाइट्स आदि की व्यवस्था की गई है।
रेफरल यूनिट के सुचारु संचालन के लिए गर्भ रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट और शिशु रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति सिविल सर्जन नारनौल द्वारा की गई है, जो समय-समय पर सेवाएं प्रदान करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि आज इस यूनिट में पहला सिजेरियन ऑपरेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ है। गांव बागौत निवासी हंसबाला पत्नी करतार ऑपरेशन की पहली लाभार्थी रहीं। यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि जच्चा-बच्चा दोनों पूर्णतः स्वस्थ हैं।
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य मंत्री ने यह जानकारी भी दी कि कनीना अस्पताल में ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना भी पूर्ण हो चुकी है, केवल स्टाफ का प्रशिक्षण शेष है। शीघ्र ही यह यूनिट भी क्रियाशील हो जाएगी, जिससे आपातकालीन स्थितियों में रक्त की आपूर्ति भी सुनिश्चित हो सकेगी।
आरती सिंह राव ने रेफरल यूनिट कनीना की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र की जनता को सुलभ, सुरक्षित व सशक्त स्वास्थ्य सेवा की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
#newsharyana
