हकेवि में तीन दिवसीय कार्यशाला का हुआ समापन

महेंद्रगढ़19जून(परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के सहयोग से ‘फसल सुधार हेतु प्रीसिजन जीनोम एडिटिंग‘ विषय पर तीन दिवसीय व्यावहारिक कार्यशाला का समपान हो गया। कार्यशाला के समापन सत्र में दीनबंधु छोटुराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के पूर्व कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। हकेवि के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने कहा कि अवश्य ही यह कार्यशाला कृषि जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उन्नत अनुसंधान, कौशल विकास एवं वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगी।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने अपने संबोधन में प्रतिभागियों को अनुसंधान में निरंतरता एवं समर्पण का महत्व समझाया तथा अपने शोध अनुभवों को साझा किया। तीन दिवसीय कार्यशाला में  टेक्सास टेक यूनिवर्सिटी, यूएसए के डॉ. गुणवंत पाटिल, यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड, यूएसए के डॉ. रुशिल मंडलिक, ग्योंगसांग नेशनल यूनिवर्सिटी, दक्षिण कोरिया के डॉ. राहुल शेलके, आईसीएआर-पुष्प विज्ञान अनुसंधान निदेशालय, पुणे के डॉ. प्रशांत कवार तथा हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के डॉ. हुमीरा सोनाह, डॉ. रूपेश देशमुख व प्रो. नीलम सांगवान ने विशेषज्ञ के रूप में व्याख्यान दिए।
कार्यशाला का उद्देश्य शोधार्थियों, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उभरती जीनोम एडिटिंग तकनीकों जैसे सीआरआईएसपीआर/सीएएस9 तथा इनके फसल सुधार में अनुप्रयोगों से परिचित कराना था। प्रतिभागियों को प्रयोगशाला में व्यवहारिक प्रशिक्षण, बायोइन्फॉर्मेटिक्स उपकरणों का उपयोग तथा विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान के माध्यम से ज्ञानवर्धन कराया गया। इस कार्यशाला का संयोजन प्रो. नीलम सांगवान ने किया तथा आयोजन सचिव के रूप में डॉ. रूपेश देशमुख ने समन्वयन किया।
प्रो. नीलम सांगवान ने सभी प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की एवं आमंत्रित वक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ भविष्य में अनुसंधान सहयोग एवं नवाचार के नए आयाम स्थापित करने में सहायक होंगी। समापन सत्र के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रतिभागियों ने इस कार्यशाला से प्राप्त व्यवहारिक अनुभव एवं अंतर्राष्ट्रीय दृष्टिकोण के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top