नदी, नालों और नालियों में कूड़ा-कचरा डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई-उपायुक्त डॉ. विवेक भारती

महेंद्रगढ़, 25 जून (विष्णु शर्मा)।
स्वच्छ जिला हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी

महेंद्रगढ़ जिला उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे नदियों, नालों और नालियों में किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा या पॉलिथीन न डालें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लापरवाही से शहरी क्षेत्रों में जल भराव, गंदगी और बीमारियों जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जिसका सीधा असर जनजीवन पर पड़ता है।
उपायुक्त डॉ. भारती ने बताया कि नारनौल शहर के ‘छलक नाले’ में अभी भी कुछ लोग कूड़ा-कचरा फेंक रहे हैं, जिससे गंदगी फैल रही है और जलभराव की स्थिति बन रही है। इसी तरह जिले के अन्य शहरों में भी नागरिक अक्सर नालियों में पॉलिथीन डाल देते हैं। इससे जल निकासी अवरुद्ध होती है।
डीसी ने सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि कोई नागरिक नदी, नाले या नालियों में कूड़ा-कचरा डालते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर अपराध है और जिला प्रशासन इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छ जिला महेंद्रगढ़ हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल सरकार या सफाई कर्मचारियों के प्रयासों से ही स्वच्छता संभव नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने में सहयोग करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें और सूखा व गीला कचरा अलग-अलग करके रखें। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की नींव है। शहरों में जब भी कूड़ा गाड़ी उनके मोहल्ले में आए तभी कूड़ा डाला जाए। सड़कों पर कूड़ा ना डालें।
इसी प्रकार उन्होंने रेहड़ी लगाने वालों को भी चेतावनी दी है कि अगर वे गंदगी फैलाएंगे तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। रेहड़ी पटरी वाले अपने पास अलग से कूड़ा दान रखें।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top