मनीराम, सेवानिवृत्त प्रिंसिपल HES-II, बने डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक समिति महेन्द्रगढ़ के रिटर्निंग ऑफिसर

महेंद्रगढ़, 26 जून (परमजीत सिंह)।
डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक समिति, महेन्द्रगढ़ में वर्ष 2013 के बाद पहली बार HRRS Act 2012 व समिति के बाइलॉज के अंतर्गत नई कार्यकारिणी के गठन हेतु चुनाव प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया है। काफी लंबे समय से इस सभा में लेखा जोखा और चुनाव संबंधी विवाद चल रहा है, जिसका निपटारा करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा डॉ. ओ. पी. आर्य रिटायर्ड सर्जन HCMS-1 को प्रशासक नियुक्त किया हुआ है । उन्हीं के निवेदन पर आज जिला रजिस्ट्रार ने सभा के चुनाव करवाने हेतु एक RO की नियुक्ति की है ।
चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने हेतु जिला रजिस्ट्रार द्वारा रिटर्निंग ऑफिसर (RO) के रूप में श्री मनीराम, गांव नांगल माल्हा निवासी एवं सेवानिवृत्त प्रिंसिपल (HES-II) को नियुक्त किया गया है।
RO मनीराम ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने आज प्रातः लगभग 11:00 बजे स्थानीय डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन, महेन्द्रगढ़ पहुंचकर चुनाव प्रक्रिया की विधिवत शुरुआत की और समिति सदस्यों को अवगत कराया। उन्होंने पूर्व प्रधान व सचिव से भी फोन पर संपर्क साधने का प्रयास किया, परंतु संपर्क नहीं हो सका।
उन्होंने समिति के सभी सदस्यों (मतदाताओं) से अपील की है कि वे इस चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करें और अधिकारियों द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का निष्ठा एवं ईमानदारी से पालन करें। आवश्यक सभी दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों या झूठे प्रलोभनों से सावधान रहें।
RO मनीराम ने कहा कि यह मामला काफी समय से लंबित, उलझा हुआ था, इसलिए इसमें सभी सदस्यों की विशेष भागीदारी और सहयोग आवश्यक है। समिति की गरिमा बनाए रखने हेतु सभी को एकजुट होकर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना होगा ताकि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों के अनुरूप प्रक्रिया सम्पन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सभी सदस्यों की एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी कार्यवाहियों की जानकारी दी जाएगी। अंत में उन्होंने पुनः सभी से शांति, सद्भाव और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top