समाधान शिविरों से जनता में बढ़ा विश्वास : उपायुक्त डॉ. विवेक भारती

नारनौल, 27 जून(परमजीत सिंह/गजेन्द्र यादव)।
समाधान शिविर को लेकर डीसी ने की समीक्षा बैठक

शिकायतकर्ता को भी भेजी जाए एक्शन टेकन रिपोर्ट

उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने आज लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की गई ‘समाधान शिविर’ पहल एक बेहतरीन कदम है। इस नई पहल से लोगों में सरकार और प्रशासन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण पैदा हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इसी प्रकार लगातार गंभीरता के साथ इस प्लेटफॉर्म पर आने वाली शिकायतों का निपटारा सुनिश्चित करें।
डॉ. भारती ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सोशल मीडिया ग्रीवेंस ट्रैकर पर आने वाली शिकायतों का समाधान 48 घंटे के भीतर किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली हर शिकायत की एक्शन टेकन रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर-अंदर दी जानी चाहिए। इस संबंध में शिकायतकर्ता को भी एटीआर की एक प्रति दी जाए और उसकी एक कॉपी उपायुक्त कार्यालय को भेजी जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि एक्शन टेकन रिपोर्ट पर केवल विभागाध्यक्ष के हस्ताक्षर होने चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि यदि कोई शिकायत न होकर मांग है, तो उसके बारे में भी स्थिति स्पष्ट करते हुए एक्शन टेकन रिपोर्ट भेजी जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सुशील कुमार शर्मा, नांगल चौधरी के एसडीएम मनोज कुमार, नारनौल के एसडीएम रमित यादव, नगराधीश मंजीत कुमार और डीएसपी हरदीप सिंह के अलावा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top