हकेवि की यूथ रेडक्रॉस टीम ने राज्य स्तरीय एडवेंचर कैंप में लहराया परचम

महेंद्रगढ़, 30 जून (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ की यूथ रेडक्रॉस टीम ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, हरियाणा द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय यूथ रेडक्रॉस एडवेंचर कैंप (बॉय)- 2025 में  ‘बेस्ट टीम बॉय कोर्डिनेशन‘ का खिताब जीतकर विश्वविद्यालय एवं समस्त क्षेत्र को गौरवान्वित किया। यह कैंप 23 जून से 27 जून, 2025 तक हिमाचल प्रदेश के मनाली में आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थी ना केवल अकादमिक क्षेत्र में, बल्कि सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। यूथ रेड क्रॉस टीम ने साहसिक कैंप में जो प्रदर्शन किया है, वह न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह विश्वविद्यालय की गुणवत्ता और मूल्यों को दर्शाता है।
विश्वविद्यालय में यूथ रेडक्रॉस कोऑर्डिनेटर प्रो. दिनेश चहल ने भी टीम के सदस्यों को उनके समर्पण, साहस और सामूहिक प्रयासों पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि रेड क्रॉस की मूल भावना- मानवता, निष्पक्षता, और सेवा को विद्यार्थियों ने मैदान में उतार कर यह सिद्ध किया है कि युवा शक्ति देश की असली पूंजी है। इस कैंप का आयोजन युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जोड़कर उनमें आपदा प्रबंधन, नेतृत्व कौशल, अनुशासन और सामाजिक समर्पण की भावना जागृत करने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय इस कैंप में हकेवि की ओर से मनोविज्ञान विभाग के क्षितिज, शिक्षक शिक्षा विभाग के अमर राज व सत्यम चौबे, बी.टेक. इलेक्ट्रिकल विभाग के हेमंत तथा समाजशास्त्र विभाग के चंद्रमोहन ने शिविर में प्रतिभागिता की।
प्रो. चहल ने बताया कि कैंप में हरियाणा राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। हकेवि की टीम ने पूरे कैंप के दौरान समर्पण, अनुशासन और आपसी तालमेल का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने पहाड़ी क्षेत्रों में राहत और बचाव के दौरान आने वाली चुनौतियों को भी प्रत्यक्ष रूप से समझा। साथ ही टीम ने रिवर क्रॉसिंग, ज़िप लाइनिंग, रैपलिंग, रॉक क्लाइमिं्बग, एवं अन्य साहसिक गतिविधियों के माध्यम से आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और टीम वर्क का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा जीवन रक्षक तकनीकों, माउंटेन रेस्क्यू, जल-राहत उपायों तथा मानसिक रूप से मज़बूत रहने के तरीकों पर भी जानकारी दी गई।
हकेवि की छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. रेनू यादव ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के कैंप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी न केवल अपनी नेतृत्व क्षमता को पहचानते हैं, बल्कि उनमें सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय भावना भी विकसित होती है। इस कैंप से लौटकर टीम के सदस्यों ने अन्य विद्यार्थियों को भी रेड क्रॉस के प्रति जागरूक करने और समाजसेवा में आगे आने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top