पुलिस अधीक्षक ने भालखी कनीना में रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं

महेंद्रगढ़, 1 जुलाई (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।

पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत गांव भालखी कनीना में ग्रामीणों की पुलिस से संबंधित शिकायतें सुनीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने गांव के गणमान्य नागरिकों और आम जनता के साथ खुलकर बातचीत की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने महिलाओं की व्यक्तिगत और सामाजिक समस्याओं को जानने की कोशिश की और उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एसपी ने महिलाओं को निर्भीक होकर अपनी समस्याओं को पुलिस के समक्ष रखने के लिए प्रेरित किया और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि हर एक महिला स्वयं को डायल 112 पर कॉल कर रजिस्टर कराए और सफर के दौरान कभी भी असहज महसूस करे तो डायल 112 की ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम का लाभ उठाए। इसके तहत सफर के दौरान आपको तब तक ट्रैक किया जाता रहेगा, जब तक आप अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच जाते। एसपी ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर जिलेभर में सादे वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया हुआ है, जो मनचलों पर कार्रवाई करती हैं, ऐसे युवकों को पकड़कर उनके माता–पिता के सामने उनकी काउंसलिंग की जाती है ।
एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, नशे को समाज से खत्म करने के लिए सभी का एकजुट होना जरूरी है, सब मिलकर ही नशे को जड़ से खत्म कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान में भागीदार बन अच्छा कार्य करने वाले सरपंचों को पुलिस द्वारा सम्मानित किया गया है। उन्होंने अपील की कि गांवों में ना तो किसी को नशा करने दें और ना ही नशा बेचने दें।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top