महेंद्रगढ़, 2 जुलाई (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
यदुवंशी शिक्षा निकेतन, नारनौल के विद्यार्थियों ने हाल ही में आयोजित नेल्टास ओलंपियाड में उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरव से ऊँचा किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में छात्रों ने अंग्रेजी भाषा, विज्ञान व गणितीय क्षमता और तार्किक चिंतन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय के चेयरमैन राव बहादुर सिंह, निदेशिका सुरेश देवी, एवं उपाचार्य नरेश यादव ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों को आत्मविश्वासी बनाती हैं और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। इस बार विद्यालय के विद्यार्थी प्रिंस ने गणित ओलंपियाड में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर संस्थान ही नहीं, पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने तालियों के साथ सम्मान किया और प्रेरणास्पद उपलब्धि की सराहना की। इसके अतिरिक्त, विद्यालय के अन्य कई विद्यार्थियों ने स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त किए तथा सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
#newsharyana
