महेंद्रगढ़, 2 जुलाई (विष्णु शर्मा)।
महेंद्रगढ़ जिले में इन दिनों ‘सघन स्वच्छता अभियान-2025’ जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इस अभियान ने अब एक विशाल जन आंदोलन का रूप ले लिया है। यह पहल केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रहकर, नागरिकों की सामूहिक भागीदारी का एक शानदार उदाहरण बन गई है। इस प्रकार ये पूरे जिले में सकारात्मक बदलाव ला रही है। आज इसी कड़ी में देवास, गोमला, बिहाली, नायन, नंगला, भूषण खुर्द, दौंगड़ा जाट तथा गावड़ी जाट जैसे गांवों के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, और स्वच्छता के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दिखाई।

जिला ग्रामीण विकास एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार ने इस महत्वाकांक्षी अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, जिले के प्रत्येक खंड में एक विशिष्ट गांव को चुनकर वहां सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। श्री कुमार ने सभी जिलेवासियों से इस मुहिम में स्वेच्छा से जुड़ने का आग्रह किया, ताकि इसे एक अभूतपूर्व सफलता दिलाई जा सके।
श्री कुमार ने स्पष्ट किया कि यह अभियान सिर्फ बीमारियों की रोकथाम का एक जरिया नहीं है, बल्कि यह व्यक्तिगत और सार्वजनिक स्वास्थ्य खर्चों को कम करने में भी सहायक है। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि ‘स्वच्छ भारत’ ही वास्तव में ‘स्वस्थ भारत’ की आधारशिला है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री के दूरदर्शी मार्गदर्शन व जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता में यह अभियान कार्यान्वित किया जा रहा है, जो राज्य सरकार के स्वच्छता के प्रति दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती के नेतृत्व में महेंद्रगढ़ जिला प्रशासन इस अभियान को एक ऐसे सामुदायिक कार्यक्रम में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
महेंद्रगढ़ जिले में यह विशेष अभियान आगामी कई हफ्तों तक जारी रहेगा। इसका मुख्य लक्ष्य जिले को स्वच्छता और उत्तम स्वास्थ्य का पर्याय बनाना है।
#newsharyana
