नारनौल, 3 जुलाई (परमजीत सिंह/गजेन्द्र यादव/विष्णु शर्मा)।
गत बृहस्पतिवार को पूर्व सिंचाई मंत्री डाक्टर अभय सिंह यादव ने केन्द्रीय मंत्री मनोहरलाल से उनके दिल्ली आवास पर मुलाक़ात की । डाक्टर अभय सिंह यादव ने इस मुलाक़ात के विषय में बताया कि यह एक शिष्टाचार मुलाक़ात थी जिसमें महेंद्रगढ़ ज़िले की विभिन्न विकास परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति के बारे में अवगत करवाया। मनोहर लाल जी ने अपने मुख्यमंत्री काल में महेंद्रगढ़ ज़िले को अनेक परियोजनाएं दी गई जिनमें मेडिकल कॉलेज, लॉजिस्टिक हब, भूजल रिचार्ज की बड़ी बड़ी परियोजनाएं एवं सड़कों का विस्तृत ढांचा प्रमुख रूप से उल्लेखनीय है । पूर्व मंत्री ने इन सभी प्रॉजेक्ट्स की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी तथा इन परियोजनाओं को प्रभावशाली ढंग से लागू करने के लिए अपने सहयोग का आश्वासन दिया। डॉक्टर यादव ने कहा कि माननीय मनोहर लाल के मुख्यमंत्री रहते हुए महेंद्रगढ़ ज़िले के विकास का विशेष ध्यान रखा गया और पिछले 10 साल में इस ज़िले को अत्यंत दयनीय सूखाग्रस्त स्थिति से निकालकर समृद्ध और विकसित किसानी की स्थिति में लेकर आए हैं । आज दोहान और कृष्णावती नदी के सूखे क्षेत्रों में पानी डाला जा रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्र के सभी ज़ौहड़ और तालाबों को भरकर समस्त ज़िले में भूजल स्तर को विकसित करने में मनोहर लाल जी की मुख्य भूमिका रही है। इसी तरह बसीरपुर, घाटाशेर एवं तलोट में बन रहे लॉजिस्टिक हब भी माननीय मनोहर लाल जी की ही देन रही है जो आने वाले समय में इस समस्त क्षेत्र का कायाकल्प करने जा रही है। इसी तरह कोरियावास में बनकर तैयार मेडिकल कॉलेज भी उन्हीं के आशीर्वाद से संभव हो पाया है । डॉक्टर यादव ने उम्मीद व्यक्त की है कि यह कॉलेज जब पूर्ण रूप से काम करना प्रारंभ कर देगा तो इस ज़िले के लोगों को इलाज के लिए दिल्ली जयपुर एवं अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा । उन्होंने कहा कि विशेष रूप से स्वास्थ्य मंत्री के इस ज़िले के जनप्रतिनिधि होने के कारण इस मेडिकल कॉलेज को उच्चतम गुणवत्ता एवं कुशलता के साथ चलाया जाना अपेक्षित है।
केंद्रीय मंत्री से इस मुलाक़ात के दौरान डॉक्टर यादव ने माननीय मनोहरलाल जी से नारनौल के अधूरे बाईपास को पूरा करते हुए इसे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 से आगे बढ़ाते हुए लॉजिस्टिक हब तक जोड़ने के लिए सहयोग का निवेदन भी किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री को बताया कि पिछले काफ़ी समय से वह इस दिशा में विभिन्न स्तर पर प्रयासरत हैं क्योंकि यह बाईपास पूर्ण होने के उपरांत न केवल नारनौल के चारों तरफ़ पूर्ण रूप से यह रिंग रोड तैयार हो जाएगा अपितु नेशनल हाईवे द्वारा ढोसी का पर्यटन केन्द्र , कोरियावास का मेडिकल कॉलेज और लॉजिस्टिक हब सीधे ट्रांस हरियाणा राजमार्ग 152-D से जुड़ जाएंगे जिससे नारनौल एवं इसके साथ लगने वाला ग्रामीण क्षेत्र पूर्ण रूप से विकसित हो जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय मंत्री के सहयोग से इस काम में सफलता मिलेगी।
#newsharyana
