नारनौल, 3 जुलाई (परमजीत सिंह/गजेन्द्र यादव)।
हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने आज नारनौल के रेस्ट हाउस में आयोजित एक जनसभा में संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार संतों और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक प्रसारित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में 13 जुलाई को भिवानी में एक भव्य राज्य स्तरीय महाराज दक्ष प्रजापति समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। इस समारोह में प्रदेश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में नागरिक भाग लेंगे। इसे लेकर लोगों में जोश है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर वर्ग को सम्मान देने का काम किया है। मेरिट के आधार पर भर्ती हो रही हैं। पहले की सरकारें जानबूझकर बैकलाग छोड़ते थे।
श्री गंगवा ने कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता और भाईचारे का एक सशक्त प्रतीक बनेगा।
श्री गंगवा ने हरियाणा सरकार की “संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना” की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना के तहत संतों और महापुरुषों की जयंतियों को राज्य स्तर पर बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य इन महान व्यक्तित्वों के प्रेरक संदेशों, उनके सामाजिक योगदान और उनके जीवन मूल्यों को वर्तमान और भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। यह योजना हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित कर रही है।
जन स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि “संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना” का लक्ष्य समाज में व्याप्त विभिन्न विसंगतियों को दूर कर सामाजिक समरसता व भाईचारे की भावना को इसी प्रकार सुदृढ़ रखना है।
इस अवसर पर जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे 13 जुलाई को भिवानी में आयोजित होने वाले महाराज दक्ष प्रजापति राज्य स्तरीय समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनें। यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के समावेशी विकास और सामाजिक सद्भाव के प्रति समर्पण का एक और उदाहरण है। इससे पहले बीजेपी के जिला प्रधान यतेंद्र राव ने मुख्य अतिथि का शहर की सीमा पर स्वागत किया।
इस मौके पर उपायुक्त डॉ विवेक भारती, पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ, नगराधीश मंजीत कुमार, एसई बीएंडआर विकास कुमार, एक्सईएन बीएंडआर अश्वनी कुमार तथा एसडीओ जितेंद्र कुमार, दयाराम यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
#newsharyana
