नारनौल, 4 जुलाई(परमजीत सिंह/गजेन्द्र यादव/विष्णु शर्मा)।
लंबित न रखें शिकायतें : डीसी डॉ विवेक भारती
हर शिकायत पर है मुख्यमंत्री कार्यालय की पैनी नज़र
हरियाणा सरकार द्वारा जन समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की प्रभावशीलता पर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने आज लघु सचिवालय में आयोजित एक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समय पर तथा संतोषजनक निवारण करने के सख्त निर्देश दिए।
डॉ. भारती ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से इन शिविरों में आने वाली शिकायतों के संबंध में निरंतर फीडबैक लिया जा रहा है। ऐसे में किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक लंबित शिकायत का उचित और सटीक जवाब देते हुए उसका निपटारा करें, ताकि आमजन को राहत मिल सके और सरकार की इस पहल का पूरा लाभ उन्हें मिल पाए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सीएम विंडो और सोशल मीडिया ट्रैकर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इन शिकायतों पर भी तत्परता से कार्रवाई करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका समाधान करने के निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से सरकारी सेवाओं और योजनाओं को और बेहतर तरीके से लागू करने में सहायता मिल रही है। लोगों को सही समय पर सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिलना ही सुशासन की पहली कड़ी होती है। ऐसे में अधिकारी लगातार इसी प्रकार पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहें।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सुशील कुमार नगराधीश मंजीत कुमार, डीएसपी हरदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
#newsharyana
