अनहद शक्ति फाउंडेशन द्वारा वृक्षारोपण अभियान का दूसरा चरण प्रारंभ

महेंद्रगढ़, 6 जुलाई (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
राव तुलाराम चौक से सतनाली चौक तक गड्ढों की खुदाई

युवाओं की भागीदारी और जनसहयोग बना प्रेरणा का स्रोत

पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए अनहद शक्ति फाउंडेशन ने उप मंडल अधिकारी श्री अनिल कुमार यादव के आह्वान पर ग्रीन महेंद्रगढ़ योजना से प्रभावित होकर वृक्षारोपण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की।
फाउंडेशन की अध्यक्ष शैलजा यादव के नेतृत्व में राव तुलाराम चौक से सतनाली चौक के मध्य वृक्षारोपण की पूर्व तैयारी के तहत गड्ढों की खुदाई की गई।

फाउंडेशन के उपाध्यक्ष श्री अरविंद  गुणवाल ने इस अवसर पर कहा, “वृक्षों का महत्व केवल सौंदर्य तक सीमित नहीं है। वे पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और मनुष्य के मानसिक-शारीरिक स्वास्थ्य में सहायक होते हैं। वृक्षारोपण एक ऐसा कार्य है जो वर्तमान और भविष्य दोनों की रक्षा करता है। हमें इन्हें सहेजने का सामूहिक संकल्प लेना चाहिए।”

फाउंडेशन के पर्यावरण दल के प्रवक्ता श्री मुकेश कुमार ने अभियान के दौरान कहा, “बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए वृक्षारोपण ही सबसे प्रभावशाली उपाय है। वृक्ष पशु-पक्षियों को प्राकृतिक आवास प्रदान करते हैं। यदि हम चाहते हैं कि फिर से आंगनों में चहचहाहट गूंजे और भारतीय संस्कृति का सौंदर्य लौटे, तो हमें वृक्षों को संरक्षित करना ही होगा।”

संरक्षक डॉ. सुधीर कुमार लांबा ने भारतीय परंपरा की ओर इशारा करते हुए कहा, “हमारा देश वह भूमि है जहां पीपल, बड़ और तुलसी जैसे वृक्षों की पूजा की जाती रही है। ये केवल वनस्पति नहीं, अपितु संस्कृति के जीवंत प्रतीक हैं। वृक्षों का पालन-पोषण और रक्षा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”

इस अवसर पर अनहद फाउंडेशन के युवा कार्यकर्ताओं — हर्षदीप, सोमपाल, रवि, यशदीप लांबा, रमन लांबा, नितिन, अंकित लावन, हर्ष, जयसिंह (प्रवक्ता – अर्थशास्त्र), राजकुमार (बागवानी विभाग), रणवीर सिंह, सोमेश कुमार, प्रवीण फौजी (जासावास), अंकित (जासावास), मिस्त्री अनिल कुमार कविता, इंदु, शकुंतला गांधी, सुशीला एवं अनिता — ने सच्चे सेवाभाव से पूर्ण निष्ठा और ऊर्जा के साथ योगदान दिया।

इसके अतिरिक्त महेंद्रगढ़-नारनौल मार्ग पर स्थित दुकानदारों, अस्पताल संचालकों और क्षेत्रवासियों ने पूरे मन से सहयोग प्रदान कर समाज में सकारात्मक ऊर्जा और पर्यावरणीय चेतना का संचार किया।

अनहद शक्ति फाउंडेशन का यह प्रयास न केवल हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक ठोस कदम है, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का सुंदर उदाहरण भी है। भविष्य में संस्था द्वारा इसी प्रकार समाजहित में और भी अनेक कदम उठाए जाएंगे।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top