महेंद्रगढ़, 7 जुलाई,न्यूज हरियाणा (परमजीत सिंह)।
गांव झिगावन में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडियाखेड़ा से चिकित्सक डॉ. संदीप उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता आंगनवाड़ी सुपरवाइजर पूजा खींची ने की।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी सुपरवाइजर पूजा खींची ने उपस्थित ग्रामीणों को शपथ दिलवाई तथा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से सभी को अभियान का हिस्सा बनाकर जागरूकता की अलख जगाई। उन्होंने घटते लिंगानुपात पर चिंता व्यक्त करते हुए बेटी और बेटे में समानता की बात को प्रमुखता से रखा।
कार्यक्रम के दौरान “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के प्रमुख उद्देश्यों को विस्तार से बताया गया, जिनमें निम्नलिखित बिंदु शामिल हैं:
लिंग-चयनात्मक प्रवृत्ति को रोकना एवं लिंगानुपात में सुधार करना।
बालिकाओं के अस्तित्व एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करना।
बालिकाओं की शिक्षा एवं सामाजिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना।
जन्म के समय लिंगानुपात (SRB) में हर वर्ष 2 अंकों का सुधार करना।
संस्थागत प्रसव दर को 95% या उससे अधिक बनाए रखना।
पहली तिमाही में एएनसी पंजीकरण में प्रतिवर्ष 1% की वृद्धि सुनिश्चित करना।
स्कूल छोड़ने की दर में कमी लाना, विशेषकर माध्यमिक स्तर पर।
मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (MHM) के प्रति जागरूकता बढ़ाना।
डॉ. संदीप ने कहा कि आज समाज को बेटियों को बराबरी का दर्जा देने की जरूरत है और हमें मिलकर इस दिशा में कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में दंत चिकित्सक डॉ. विजेंद्र, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संतोष व पूनम सहित ग्रामवासी मीना, मुनेश, मनीता, शकुंतला, मुन्नी व अन्य महिलाएं भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर बेटियों के अधिकारों को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना और जनसहभागिता के साथ इस अभियान को सफल बनाना रहा।
#newsharyana
