महेंद्रगढ़, 17 जुलाई (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
दोहन नदी में 400 क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा
दक्षिणी हरियाणा में जल संचयन के प्रयासों को गति देते हुए उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने आज देव नगर में निर्मित बांध का निरीक्षण किया। इस बांध के बनाने का उद्देश्य क्षेत्र में भूजल स्तर में सुधार लाना है।
उपायुक्त ने बताया कि मानसून के दौरान मध्य हरियाणा से अतिरिक्त पानी को नहर के माध्यम से दोहन नदी में छोड़ा जा रहा है। वर्तमान में डेरोली अहीर से प्रतिदिन 400 क्यूसेक से अधिक पानी नदी में डाला जा रहा है। इस पानी का अधिकतम संचयन सुनिश्चित करने के लिए नदी में कई स्थानों पर बांध बनाए गए हैं।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि लगातार पानी छोड़े जाने के कारण दोहन नदी का पानी रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रोड को पार करते हुए लगभग 17 किलोमीटर आगे गांव माजरा तक पहुंच चुका है।

डॉ. भारती ने बताया किया कि इस पहल से इस क्षेत्र में भूजल का बड़े पैमाने पर संचयन होगा, जिससे भविष्य में जल स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ और कार्यकारी अभियंता नितिन भार्गव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
#newsharyana
