महेंद्रगढ़, 17 जुलाई (परमजीत सिंह /शैलेन्द्र सिंह)।
न्याय की ओर एक कदमः विश्व न्याय दिवस पर जागरूकता
यदुवंशी स्कूल महेन्द्रगढ़ में ‘विश्व न्याय दिवस’ बड़े ही उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक न्याय के महत्व को उजागर किया।
कार्यक्रम की शुरूआत प्रार्थना सभा के दौरान विश्व न्याय दिवस के उद्देश्य और महत्व पर आधारित जानकारी से हुई। विद्यार्थियों ने भाषण, पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया, जिनका उद्देश्य समाज में समानता, न्याय और मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के दौरान छात्रों का उत्साह और भागीदारी सराहनीय रही। यह आयोजन छात्रों में सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा।
विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि समानता और न्याय हर नागरिक का मूल अधिकार है। यदि आप सभी विद्यार्थी अभी से न्याय, समानता और मानवाधिकारों के महत्व के प्रति जागरूक बनेंगे, तभी एक सशक्त और न्यायपूर्ण समाज की कल्पना की जा सकती है।
ग्रुप के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि विश्व न्याय दिवस हमें यह याद दिलाता है कि सत्य, न्याय और समानता जैसे मूल्य हमारे समाज की नींव है और आज के समय में सामाजिक न्याय की आवश्यकता और भी अधिक बढ़ गई है।
इस अवसर पर वाइस चेयरमैन एडवोकेट कर्ण सिंह यादव, वाइस चेयरपर्सन संगीता यादव, ग्रुप निदेशक विजय सिंह यादव, फाउंडर डायरेक्टर डॉ. राजेन्द्र सिंह यादव भी उपस्थित रहे।
#newsharyana
