महेंद्रगढ़ 19 जुलाई (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ा हुआ है, जिसके तहत हाल ही में यूनिवर्सिटी के गेट नंबर 1 और गेट नंबर 2 के सामने स्थित दुकानों पर डॉग स्क्वायड टीम के साथ सघन चेकिंग की गई। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा करने वालों और नशा बेचने वालों पर शिकंजा कसना था, ताकि जिले को नशा मुक्त बनाया जा सके।
पुलिस बल की विभिन्न टीमों ने मौके पर मौजूद रहकर नशीले पदार्थों और अन्य संदिग्ध वस्तुओं की गहनता से जांच-पड़ताल की। डॉग स्क्वायड की सहायता से, टीमों ने उन जगहों पर भी तलाशी ली जहाँ नशीले पदार्थ छुपाए जाने की आशंका थी। यह चेकिंग अभियान न केवल अवैध नशीले पदार्थों की रोकथाम पर केंद्रित था, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण था ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नज़र रखी जा सके। चैकिंग अभियान में थाना सदर महेंद्रगढ़, सीआईए महेंद्रगढ़, डॉग स्क्वायड टीम और अकोदा चौकी की टीमें शामिल रही।

इस अभियान के दौरान, पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि उन्हें जिले में कहीं भी कोई नशीला पदार्थ बेचता हुआ दिखाई देता है, तो उसकी सूचना तुरंत डायल 112 पर या अपने नजदीकी पुलिस थाना/चौकी में दें।
#newsharyana
