महिला सशक्तिकरण व सांस्कृतिक विरासत का उत्सव, तीज महोत्सव सभागार में आज

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अंबाला से वर्चुअल माध्यम से करेंगे संबोधित

जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव होंगी मुख्य अतिथि

नारनौल, 27 जुलाई (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
हरियाणा सरकार द्वारा 28 जुलाई को मनाए जा रहे तीज महोत्सव के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम लघु सचिवालय के नजदीक स्थित सभागार में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव मुख्य अतिथि होंगी। वहीं राज्य स्तरीय कार्यक्रम अंबाला में होगा, जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे तथा वर्चुअल माध्यम से प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नांगल चौधरी के एसडीएम उदय सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह महोत्सव महिला सशक्तिकरण और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देश अनुसार मनाया जा रहा है। इस मौके पर विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

यह महोत्सव न केवल महिलाओं को सशक्त बनाने पर केंद्रित है, बल्कि यह हरियाणा की सांस्कृतिक परंपराओं और ग्रामीण उद्यमों को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने नागरिकों से इस भव्य आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने का आग्रह किया है। इसी संबंध में आज उन्होंने सभागार भवन में चल रही तैयारीयों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर डीआरडीए से ईश्वर सिंह के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

ये होंगे कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण :-

  • महिला सांस्कृतिक केंद्रों का संचालन : इस अवसर पर जिला महेंद्रगढ़ में आठ महिला सांस्कृतिक केंद्रों का संचालन शुरू किया जाएगा।
    इनमें गांव गढ़ी रूथल, तोताहेडी, पांचनोता, छिलरो, भूषण खुर्द, हाजीपुर, कुतुबपुर, मेई आदि शामिल हैं।
  • सर्वश्रेष्ठ स्वयं सहायता समूहों को पुरस्कार : इस मौके पर उत्कृष्ट स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया जाएगा।
  • कोथली वितरण : कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को कोथली वितरित की जाएंगी।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top