महरमपुर में ‘मछली बच्चा रैंचिंग’ कार्यक्रम आयोजित
नारनौल, 29 जुलाई (परमजीत सिंह/गजेन्द्र यादव)।
मत्स्य विभाग ने आज नारनौल के गांव महरमपुर बांध में एक ‘मछली बच्चा रैंचिंग’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मीठे पानी में रहने वाली मछली प्रजातियों का संरक्षण करना और स्थानीय किसानों को मत्स्य पालन जैसे लाभदायक व्यवसाय से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के अवसर प्रदान करना है। इस मौके पर एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव आईएएस मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे।
इस अवसर पर, देसी मछलियों के छोटे-छोटे बच्चे (आईएमसी मछली) महरमपुर बांध में छोड़े गए। इससे क्षेत्र में मछली प्रजातियों के पुनरुत्थान को बल मिलेगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला मत्स्य अधिकारी सिकंदर सांगवान की देखरेख में हुआ। सांगवान ने बताया कि आजकल मछली पालन किसानों के लिए एक बहुत ही लाभकारी और लोकप्रिय व्यवसाय बन गया है। उन्होंने समझाया कि कम लागत में अधिक फायदा होने की वजह से किसान इस क्षेत्र की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग मछली पालन करने वाले किसानों को आर्थिक सहायता (अनुदान) प्रदान करता है। अगर कोई किसान अपने खेत में मछली पालने के लिए तालाब बनाता है या पंचायत का कोई तालाब ठेके पर लेकर मछली पालन करता है, तो विभाग उन्हें नियमों के अनुसार अनुदान देता है। इस बारे में और जानकारी के लिए किसान नारनौल के जिला मत्स्य अधिकारी या महेंद्रगढ़ के लघु सचिवालय, कमरा नंबर 205 में मत्स्य अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
इस मौके पर जिला मत्स्य अधिकारी सिकंदर सांगवान, मत्स्य अधिकारी सोमदत्त, मत्स्य अधिकारी महेश कुमार, सरपंच प्रतिनिधि बलवान सिंह सहित अन्य अधिकारीगण और ग्रामीण मौजूद थे।
#newsharyana
