हकेवि में गुरुवंदन कार्यक्रम आयोजित

महेंद्रगढ़, 30 जुलाई(परमजीत सिंह/कुणाल सिंह) ।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (एबीआरएसएम) की हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय शैक्षिक संघ इकाई द्वारा बुधवार 30 जुलाई, 2025 को गुरुवंदन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

संस्कृत विभाग में सहायक आचार्य डॉ. देवेन्द्र सिंह राजपूत ने मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं सारस्वत अतिथि का अंगवस्त्र एवं श्रीफल प्रदान कर स्वागत सत्कार प्रो. रणवीर सिंह, प्रो. राजेंद्र प्रसाद मीना, प्रो. बीरपाल सिंह, डॉ. रामगोपाल, डॉ. पवन सिंह, डॉ. भूपेंद्र द्वारा किया गया।

शैक्षिक संघ गीत की प्रस्तुति पत्रकारिता विभाग के शिक्षक डॉ. नीरज कारण सिंह द्वारा एवं एकल गीत संस्कृत विभाग के शोधार्थी बलराम द्वारा प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के सारस्वत अतिथि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग की अध्यक्ष प्रो. सुनीता श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों के व्यवहार, कक्षाओं में प्रायोगिक ढंग से उन्हें आचरण की शिक्षा देने की बात कही एवं अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने शिष्यों के जीवन में मूल्यों के महत्व को बताया। कार्यक्रम में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक प्रो. टंकेश्वर कुमार का पाथेय रहा।

विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने शिक्षकों पर विद्यार्थियों को नई दिशा देने का महान दायित्व बताया। वर्तमान समय में शिक्षण हेतु अनेक तकनीकियों का विकास हो चुका है किंतु नई पीढ़ी में मूल्यों के विकास, व्यक्तित्व निर्माण एवं सदाचरण विकसित करने का संदेश दिया। शिक्षक समाज निर्माता एवं विद्यार्थियों के लिए हर दृष्टि से एक आदर्श होता है, विद्यार्थी हमारी जीवन शैली के हर एक पहलू का अनुकरण करते हैं अतः शिक्षक का परम कर्तव्य समाज में एक आदर्श स्थापित करना है।

विश्वविद्यालय कुलपति के उद्बोधन के पश्चात शिक्षक शिक्षा विभाग के आचार्य नंदकिशोर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय शैक्षिक संघ इकाई द्वारा आयोजित इस गुरुवंदन कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में इकाई के अध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार सिंह, महामंत्री डॉ. मनीष कुमार सिंह उपाध्यक्ष प्रो. रणवीर सिंह सहित विश्वविद्यालय के 90 से अधिक शिक्षकगण उपस्थित रहे।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top