महेंद्रगढ़,1 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे 14 बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से डिपोर्ट कर दिया गया।
एसपी पूजा वशिष्ठ ने बताया कि ये सभी व्यक्ति पिछले कई महीनों से जिले में अवैध रूप से डेरा जमाए हुए थे। पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर बीते अप्रैल माह में अकोदा क्षेत्र स्थित ईंट-भट्टा ‘पूजा ब्रिक्स’ से इन्हें पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान जब इन व्यक्तियों से पासपोर्ट, वीजा या कोई अन्य वैध दस्तावेज मांगा गया, तो वे कोई भी पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद, एफआरआरओ (विदेश क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय) की प्रक्रिया के तहत सभी को बांग्लादेश वापस भेज दिया गया।
विशेष जांच अभियान जारी
एसपी ने बताया कि जिले में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए डॉग स्क्वायड और कमांडो टीम के साथ मिलकर समय-समय पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। महेंद्रगढ़ पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
#newsharyana
