रेल सेवाओं के विस्तार के लिए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने उठाई रेल यात्रियों की आवाज

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजा पत्र

गाड़ियों के नियमित संचालन और ठहराव की मांग

अटेली, 2 अगस्त (परमजीत सिंह/सी एस वर्मा)।

हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री आरती सिंह राव ने अटेली-नारनौल क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही रेल समस्याओं के समाधान के लिए एक अहम पहल की है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार, गाड़ियों के नियमित संचालन तथा ठहराव सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
यह पत्र अटेली-नारनौल जिला महेन्द्रगढ़ के दैनिक रेल यात्री संघ द्वारा उठाई गई मांगों और स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं के मद्देनजर भेजा गया है। मंत्री आरती सिंह राव ने पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया कि अटेली, नारनौल और महेन्द्रगढ़ क्षेत्र के लोगों को सीमित रेल सुविधाओं के चलते रोज़मर्रा की यात्रा में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे शीघ्र दूर किया जाना आवश्यक है।
मंत्री ने विशेष रूप से मांगें उठाई कि स्पेशल गाड़ियों को नियमित किया जाए। जिसमें गाड़ी संख्या 09425/09426, 09557/09558, 09637/09638 और 09639/096340 को नियमित रूप से चलाया जाए। गाड़ी संख्या 05097/05098, 22451/22452, 22949/22950, 12065/12066, 09425/09426 और 09557/09558 का ठहराव अटेली रेलवे स्टेशन पर अनिवार्य रूप से किया जाए। अटेली और महेन्द्रगढ़ क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा हेतु नई रेलगाड़ियों का संचालन आरंभ किया जाए।
मंत्री आरती सिंह राव ने अपने पत्र में यह भी लिखा कि क्षेत्र के हजारों दैनिक यात्रियों को कामकाजी व पारिवारिक कारणों से नारनौल, रेवाड़ी, जयपुर, दिल्ली जैसे बड़े शहरों की यात्रा करनी पड़ती है, लेकिन सीमित ट्रेनों और उनके ठहराव की अनुपलब्धता के कारण उन्हें वैकल्पिक और असुविधाजनक साधनों का सहारा लेना पड़ता है।
उन्होंने पत्र में लिखा की रेल सेवाओं में सुधार से ना केवल आमजन को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को भी बल मिलेगा।
मंत्री ने आशा जताई कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इस विषय में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे और अटेली-नारनौल क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top