राजकीय महाविद्यालय महेन्द्रगढ़ में फिजिकल काउंसलिंग के माध्यम से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू
महेंद्रगढ़,5 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
उच्चत्तर शिक्षा विभाग हरियाणा सरकार द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पुनः खोल दिया है। यह विशेष अवसर उन विद्यार्थियों के लिए है जो किसी कारणवश अभी तक प्रवेश नहीं ले पाए थे। विभाग ने ऐसे सभी छात्रों के लिए 4 अगस्त से 28 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन की सुविधा प्रदान की है, जिसके बाद वे संबंधित महाविद्यालयों में जाकर फिजिकल काउंसलिंग के माध्यम से प्रवेश ले सकते हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राजकीय महाविद्यालय महेन्द्रगढ़ की प्राचार्य एवं जिला उच्चत्तर शिक्षा अधिकारी प्रोफेसर (डॉ.) पूर्ण प्रभा ने बताया कि यह प्रवेश प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए एक द्वितीय अवसर के रूप में सुनहरा मौका है, जिससे वे अपनी उच्च शिक्षा को बिना किसी विलंब के जारी रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय परिसर में कमरा संख्या 23 में केंद्रीकृत प्रवेश समिति प्रतिदिन उपस्थित रहती है, जहां विद्यार्थी अपनी योग्यता अनुसार दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया को पूर्ण कर सकते हैं। प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ एवं मेरिट के आधार पर दिया जा रहा है।
प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. पूर्ण प्रभा ने यह भी बताया कि राजकीय महाविद्यालय महेन्द्रगढ़ जिले के सबसे प्रतिष्ठित एवं लोकप्रिय शैक्षणिक संस्थानों में से एक है, जो वर्षों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्रदान कर रहा है। इस महाविद्यालय में सभी संकायों – कला, वाणिज्य और विज्ञान में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। विशेष रूप से इस सत्र से महाविद्यालय में बीएससी (लाइफ साइंस व फिजिकल साइंस) पाठ्यक्रमों के अंतर्गत पर्यावरण विज्ञान विषय की पढ़ाई आरंभ की गई है, जो कि पूरे हरियाणा में केवल इसी महाविद्यालय में उपलब्ध है। यह विषय न केवल पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसमें रोजगार की संभावनाएं भी व्यापक रूप से मौजूद हैं। जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण नियंत्रण, अपशिष्ट प्रबंधन और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में इस विषय के विद्यार्थियों की सरकारी व निजी क्षेत्रों में लगातार माँग बढ़ रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में महाविद्यालय में बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष की कुछ सीटें रिक्त हैं, जिन पर विभाग द्वारा जारी प्रवेश कार्यक्रम अनुसार प्रतिदिन योग्य विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। सभी विद्यार्थी जिन्होंने अब तक आवेदन नहीं किया है, वे तुरंत ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर आवेदन करें और फिर दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय में उपस्थित होकर प्रवेश सुनिश्चित करें।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पूर्ण प्रभा ने समस्त विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाएं और समय रहते राजकीय महाविद्यालय महेन्द्रगढ़ में प्रवेश लेकर अपने उज्जवल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।
#newsharyana
