महेंद्रगढ़, 10 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
महेंद्रगढ़ में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंडियन नेवी के 26 वर्षीय जवान रवि कुमार की मौत हो गई। रवि चार दिन पहले ही रक्षाबंधन की छुट्टी पर घर आए थे।
जानकारी के अनुसार, रवि शनिवार रात अपने दोस्त को कनीना छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रवि जिस बाइक पर सवार थे, उसका नंबर नारनौल का होने के कारण उनकी पहचान हो सकी। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कनीना अस्पताल की मॉर्चरी में भिजवा दिया।
तीन महीने पहले हुई थी शादी
मृतक के बड़े भाई प्रवीण ने बताया कि तीनों भाइयों में रवि सबसे छोटे थे और अप्रैल माह में ही उनकी शादी हुई थी। परिवार और गांव में इस हादसे से शोक की लहर है।
#newsharyana
