महेंद्रगढ़, 12 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार व जिला प्रशासन महेंद्रगढ़ के मार्गदर्शन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोथल कला में “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ, उपमंडल अधिकारी (नागरिक) कनिका गोयल (आईएएस) तथा जिला शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त यादव के नेतृत्व व प्रेरणा को विशेष रूप से सराहा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्रगढ़, श्रीमती अलका ने की, जबकि कार्यक्रम विद्यालय प्राचार्य श्री दयानन्द के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस तिरंगा यात्रा के संयोजक उपमंडल कोऑर्डिनेटर राजेश शर्मा (झाड़ली) रहे।

यात्रा में कक्षा 3 से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में तिरंगा थामे विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम”, “जय भारत, जय हरियाणा” जैसे राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में देशभक्ति की अद्भुत ऊर्जा और गर्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
खंड शिक्षा अधिकारी अलका ने अपने संबोधन में कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रबल करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे न केवल अपने घर पर तिरंगा फहराएं बल्कि उसके महत्व और इतिहास को भी समझें और दूसरों को बताएं।
कार्यक्रम संयोजक राजेश शर्मा झाड़ली ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं और उन्हें देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठ बनाते हैं। इस अवसर पर हरिश रोहिल्ला सहित विद्यालय के शिक्षकगण, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति और सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गांव की मुख्य गलियों और प्रमुख स्थलों से होती हुई पुनः विद्यालय में समाप्त हुई। इस दौरान विद्यार्थियों की पंक्तिबद्ध यात्रा, ऊंचा लहराता तिरंगा और गूंजते राष्ट्रभक्ति के नारे पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बने रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने एक स्वर में भाग लिया और देश की एकता, अखंडता एवं गौरव की रक्षा का संकल्प लिया।
#newsharyana
