महेंद्रगढ़ में आवारा कुत्तों का आतंक, कुत्ते के काटने से व्यक्ति की मौत

महेंद्रगढ़, 14 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।

महेंद्रगढ़ शहर में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बीते मंगलवार को कुत्ते के काटने से 40 वर्षीय नवीन पुत्र चेतराम शर्मा की मौत हो गई।

परिजन कृष्ण भारद्वाज के अनुसार, करीब एक माह पहले नवीन अपने 6 वर्षीय बेटे को स्कूल बस में बैठाने जा रहा था, तभी एक आवारा कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर दिया। बेटे को बचाने के प्रयास में नवीन खुद कुत्ते का शिकार हो गया। इलाज के लिए पहले उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन सुधार न होने पर पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मृत्यु हो गई।

नवीन शहर के मसानी चौक पर फोटोस्टेट की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो बेटियों और एक बेटे का पिता था।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की रोकथाम और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

समाजसेवी व वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि आवारा कुत्तों के बारे में माननीय सर्वोच्च न्यायालय का फैसला जो अभी आया है, वह बिल्कुल ठीक है। इस फैसले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि दिल्ली व एनसीआर से आवारा कुत्तों को पकड़ कर एक बाड़े में रखा जाए। इस बात से किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top