नांगल चौधरी में धूमधाम से मनाया उप-मंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह
स्कूली बच्चों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
नांगल चौधरी, 15 अगस्त (परमजीत सिंह/ ब्यूरो)।
गुरुग्राम मंडल आयुक्त रमेश चंद्र बिढाण ने कहा कि 7 मई की रात को हमारे बहादुर सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान की सरजमीं पर जाकर आतंकवाद के 9 ठिकानों को ध्वस्त किया। यह आतंकवाद के खिलाफ हमारा संदेश है कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा और आतंक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा। श्री बिढाण आज बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय नांगल चौधरी में आयोजित उप मंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर मुख्यातिथि ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया, परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली।
उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर हम उन ज्ञात व अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने आजादी से पहले और बाद में भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। मैं इस पावन अवसर पर आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और विशेष रूप से उन वीर सैनिकों को प्रणाम करता हूं, जो देश की सीमाओं पर विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की शाम को बरकरार रखे हुए हैं, जिनकी बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। आज पूरा भारत तिरंगामय है, हर गली हर घर तिरंगे के रंग में रंगा है और हर कोने में देशभक्ति की गूंज है। तिरंगा हमारे इतिहास, संघर्ष और सपनों का जीवंत प्रतीक है।

श्री बिढ़ाण ने कहा कि सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान को हमेशा पहली प्राथमिकता दी है। जो जवान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए, उनके एक आश्रित को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दे रही है। अक्तूबर 2014 से जून 2025 तक, 410 शहीदों के आश्रितों को नौकरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों से देशवासियों ने जो क्रांतिकारी बदलाव और अभूतपूर्व सफलताएं महसूस की हैं, वे प्रधानमंत्री के साहसिक और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
स्वतंत्रता समारोह में परेड कमांडर पीएसआई प्रीतम ने परेड को कमान दी। कार्यक्रम में मंच संचालन राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल से प्रोफेसर डॉ. ममता शर्मा ने किया। इस मौके पर विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर एसडीएम उदय सिंह, मेजर सतीश दहिया राजकीय कॉलेज प्रिंसिपल डा. अनिल कुमार यादव, बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय प्राचार्य डॉ अनीता तंवर, बीईओ सुनीता, बीडीपीओ ईशान शर्मा, नगर पालिका सचिव ललित गोयल, भाजपा पदाधिकारी रमेश तंवर के अलावा अन्य अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
#newsharyana
