हकेवि के विद्यार्थियों को मिला प्लेसमेंट-एम.सी.ए. के हैं तीनों विद्यार्थी

महेंद्रगढ़ 18 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि), महेंद्रगढ़ के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से ऑफ-कैम्पस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। प्लेसमेंट ड्राइव में विश्वविद्यालय के एम.सी.ए. पाठ्यक्रम के तीन विद्यार्थियों, सरबेश्वर बेहरा, अनीकेत और अभिषेक शर्मा का चयन बहुराष्ट्रीय कंपनी हैप्पी रेंटल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर हुआ।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, संकल्प और विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। विश्वविद्यालय न केवल उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।

विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के उपनिदेशक और इस प्लेसमेंट ड्राइव के संयोजक डॉ. सूरज आर्या ने बताया कि यह चयन प्रक्रिया चार चरणों में सम्पन्न हुई। जिसमें योग्यता परीक्षा, तकनीकी साक्षात्कार और एच.आर. इंटरैक्शन के माध्यम से अभ्यर्थियों की क्षमताओं का व्यापक मूल्यांकन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को कंपनी की ओर से चार लाख रुपये का वार्षिक पैकेज प्रदान किया गया है। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. आकाश सक्सेना ने सरबेश्वर बेहरा, अनिकेत और अभिषेक शर्मा के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय और विद्यार्थियों, दोनों के लिए गर्व का विषय है। विश्वविद्यालय प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ सहयोग स्थापित कर विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता और पेशेवर प्रतिस्पर्धा को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top