इंडक्शन प्रोग्राम में छात्राओं को नई शिक्षा नीति व गतिविधियों से कराया अवगत
महेंद्रगढ़ महिला महाविद्यालय में इंडक्शन प्रोग्राम से छात्राओं का परिचय महाविद्यालयीय गतिविधियों से
महेंद्रगढ़,20 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
राजकीय महिला महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सेल्स एवं क्लब्स के माध्यम से संचालित योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी छात्राओं तक पहुँचाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। उन्होंने छात्राओं का स्वागत करते हुए शुभकामनाएँ दीं और नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने व प्रतिदिन नोटिस बोर्ड देखने की प्रेरणा दी।
टाइम टेबल इंचार्ज डॉ. महेश सिंह ने छात्राओं को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और विषयवार टाइम टेबल के बारे में जानकारी दी। साथ ही विभागाध्यक्षों एवं स्टाफ सदस्यों का परिचय भी करवाया।
महिला अध्ययन एवं विकास प्रकोष्ठ प्रभारी प्रो. कविता रानी ने छात्राओं को चहुंमुखी विकास के लिए आयोजित गतिविधियों तथा यौन उत्पीड़न निरोध समिति की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
विज्ञान संकाय से डॉ. मक्खन सिंह ने साइंस एग्जीबिशन के महत्व एवं उसमें भागीदारी के लाभ बताए।

लाइब्रेरी इंचार्ज प्रो. भरत कुमार सोनी ने पुस्तकालय संसाधनों, वोटर कार्ड, महाविद्यालय आई-कार्ड और पासपोर्ट संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
प्लेसमेंट सेल एवं खेलकूद प्रभारी विजेंद्र कुमार ने प्रतियोगी परीक्षाओं व वार्षिक खेलकूद गतिविधियों से छात्राओं को परिचित कराया।
सांस्कृतिक गतिविधि एवं एनएसएस प्रभारी डॉ. किरण ने राष्ट्रीय सेवा योजना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के उद्देश्यों एवं लाभों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. शर्मिला ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।
#newsharyana
