गांव बुचोली में स्वास्थ्य जागरूकता बैठक आयोजित

गर्भावस्था दौरान देखभाल, स्तनपान, टीकाकरण और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव की दी गई जानकारी

महेंद्रगढ़, 22 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
उप स्वास्थ्य केंद्र बुचोली में आज एक स्वास्थ्य जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूनम रैबारी एवं एएनएम रेणु कुमारी ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन स्वास्थ्यकर्मी मुकेश चौहान ने किया।

बैठक में आंगनवाड़ी वर्कर, हेल्पर, आशा कार्यकर्ता तथा गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं ने भाग लिया। इस दौरान गर्भावस्था के दौरान देखभाल, स्तनपान का महत्व, शिशुओं के संपूर्ण टीकाकरण और दूषित पानी व मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई।

डॉ. पूनम रैबारी ने बताया कि गर्भावस्था का पता लगते ही उप स्वास्थ्य केंद्र में पंजीकरण करवाना जरूरी है ताकि समय पर स्वास्थ्य जांच व आवश्यक सेवाएं मिल सकें। प्रसव हमेशा रजिस्टर्ड संस्थान में ही कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे के जन्म के तुरंत बाद मां का पहला गाढ़ा दूध अवश्य पिलाना चाहिए, क्योंकि यह रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है। जन्म से छह माह तक केवल मां का दूध ही शिशु का पूर्ण आहार है। स्तनपान न केवल बच्चे के लिए बल्कि मां के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। यह गर्भावस्था के दौरान बढ़े वजन को नियंत्रित करने के साथ स्तन कैंसर, ओवरी कैंसर और डायबिटीज जैसी बीमारियों का खतरा भी कम करता है।

स्वास्थ्यकर्मी मुकेश चौहान ने दूषित पानी से फैलने वाली डायरिया जैसी बीमारियों तथा मच्छरों से होने वाले डेंगू और मलेरिया से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी और ग्रामीणों को जागरूक किया। मौके पर उपस्थित महिलाओं को डेंगू–मलेरिया से बचाव संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर महिलाओं को कन्या भ्रूण हत्या रोकने और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संकल्प भी दिलाया गया। बैठक में आंगनवाड़ी वर्कर शुभवंती, राजबाला, आशा वर्कर उर्मिला, तारामणी, हेल्पर शारदा, शर्मिला, प्रेम सहित अनेक ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top