महेंद्रगढ़, 23 अगस्त (परमजीत सिंह/कुणाल सिंह)।
महेंद्रगढ़ स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में साईंस वीक का आयोजन किया गया जिसके अंतर्गत अनेक रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ आयोजित हुईं। विद्यालय के हेडमास्टर रमेश कुमार झा ने बताया कि क्विज कॉम्पिटीशन कनिष्ठ, मध्यम एवं वरिष्ठ तीन वर्गों में आयोजित किया गया था। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा तीसरी से पाँचवीं, मध्यम वर्ग में कक्षा छठी से आठवीं एवं वरिष्ठ वर्ग में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के चारों सदन के बच्चों ने अपनी भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का संयोजन विद्यालय की को-ऑर्डिनेटर रश्मि त्यागी एवं निखिल आनंद ने किया। चार चक्रों में आयोजित इस प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रश्नों का समावेश था। प्रतियोगिता परिणाम में कनिष्ठ वर्ग में नीलगिरि सदन ने प्रथम, शिवालिक ने द्वितीय एवं विंध्याचल सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मध्यम वर्ग में शिवालिक सदन ने प्रथम, अरावली सदन ने द्वितीय एवं विंध्याचल सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा वरिष्ठ वर्ग में शिवालिक सदन ने प्रथम, विंध्याचल सदन ने द्वितीय एवं नीलगिरि सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. अरुण कुमार यादव ने विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी प्रदानकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा को-ऑर्डिनेटर के साथ साइंस टीचर अनुराग यादव, नवीन यादव, सौरभ कुमार, माधवी नांगला, सुमनलता, स्वाती प्रिया आदि को श्रेष्ठ संयोजन हेतु धन्यवाद दिया।
#newsharyana
