महेंद्रगढ़, 23 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
उप स्वास्थ्य केंद्र बुचोली के अधीन गांव डुलाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आज नशा मुक्ति व स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्यकर्मी मुकेश चौहान ने छात्रों को नशे के दुष्परिणामों और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बीड़ी, सिगरेट, हुक्का पीने से फेफड़े खराब हो जाते हैं जिससे टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। इसी प्रकार खैनी, गुटका और पान मसाला के सेवन से मुंह का कैंसर होने की संभावना रहती है, जबकि शराब का सेवन लिवर और किडनी को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि नशे से न केवल स्वास्थ्य बिगड़ता है बल्कि मानसिक और आर्थिक समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। इसलिए नशे से दूर रहना और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मी ने वर्षा ऋतु में फैलने वाली बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया, डायरिया और तपेदिक के लक्षण, बचाव, इलाज व रोकथाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और पानी को कहीं भी जमा न होने देने की सलाह दी। इस अवसर पर बच्चों को डेंगू और मलेरिया से बचाव संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
विद्यालय के प्राचार्य नीरज यादव ने छात्रों को नशा न करने की शपथ दिलाई और सभी से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रवक्ता सतपाल, मीनाक्षी, सरिता, निर्मला, सुनीता, आरती, दुर्गा, सतीश डीपी, सुमेर सिंह, अशोक कुमार सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#newsharyana
