डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए शहर के सभी वार्डों में फॉगिंग अभियान शुरू

महेंद्रगढ़, 23 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।

महेंद्रगढ़ एसडीएम कनिका गोयल (आईएएस) के आदेशानुसार शहर के सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य डेंगू और मलेरिया जैसे मच्छरजनित रोगों पर नियंत्रण करना है।

एसडीएम ने बताया कि बरसात के मौसम में मच्छरों के प्रजनन की संभावना अधिक होती है, जिससे डेंगू और मलेरिया फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इसको देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से फॉगिंग करवाई जाएगी ताकि मच्छरों का खात्मा हो सके और लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास की सफाई का विशेष ध्यान रखें। गमलों, कूलरों और अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें तथा नालियों की नियमित सफाई करें। इसके साथ ही प्रशासन ने भी नगर परिषद को निर्देश दिए हैं कि सभी वार्डों में नालियों की सफाई व कूड़े-कचरे के समय पर उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

एसडीएम ने कहा कि मलेरिया व डेंगू से बचाव में प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। यदि लोग सतर्क रहेंगे और सफाई का ध्यान रखेंगे तो इन बीमारियों को आसानी से रोका जा सकता है।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top