महेंद्रगढ़,26 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। ‘एक घंटा खेल के मैदान में‘ विषय पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा शारीरिक गतिविधियों एवं खेलों के लिए प्रेरित करना है। विश्वविद्यालय स्तर पर यह पहल स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक स्फूर्ति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने विश्वविद्यालय के सभी विभागों से इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. जे.पी. भूकर ने कहा कि यह आयोजन न केवल स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देगा, बल्कि आपसी सहयोग, अनुशासन और उत्सव की भावना को भी सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय के खेल परिसर में बुधवार 27 अगस्त से शुक्रवार 29 अगस्त तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें इंटर-डिपार्टमेंट फुटबॉल टूर्नामेंट, इंटर-डिपार्टमेंट वॉलीबॉल टूर्नामेंट, इंटर-डिपार्टमेंट टग ऑफ वॉर प्रतियोगिता तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों व शिक्षणेतर कर्मचारियों के लिए तीन किलोमीटर ओपन दौड़ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसके साथ विश्वविद्यालय में रहने वाले स्टॉफ के बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजन एवं खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
#newsharyana
