भविष्य निर्माण में निर्णायक है विश्वविद्यालयी शिक्षा- प्रो. टंकेशवर कुमार

हकेवि में दीक्षारंभ कार्यक्रम का हुआ समापन
महेंद्रगढ़ ,29 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए जारी पाँच दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय की लोकपाल (ओम्बुड्सपर्सन) प्रो. ऊषा अरोड़ा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में अध्ययन के लिए बिताया गया यह समय भविष्य निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
कुलपति ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय में कक्षाओं में अध्ययन के साथ-साथ विश्व की व्यावहारिक समझ और उसके प्रायोगिक ज्ञान के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध हैं। कुलपति ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य को ध्यान में रखते हुए अध्ययन-अध्यापन, शोध, नवाचार के लिए प्रेरित किया और कहा कि अवश्य ही यहाँ अर्जित ज्ञान के माध्यम से विद्यार्थी स्वयं व अन्य लोगों के लिए रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त करेंगे। कुलपति ने आयोजन में उपस्थित विशिष्ट अतिथि व विश्वविद्यालय की लोकपाल प्रो. ऊषा अरोड़ा का भी स्वागत किया व उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रो. ऊषा अरोड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय में उपलब्ध नवसृजन के अवसरों की ओर ध्यान आकर्षित किया और कहा कि अवश्य ही विद्यार्थी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं से लाभांवित होंगे और अपना सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेंगे। प्रो. अरोड़ा ने विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह से विश्वविद्यालय उनके नेतृत्व में प्रगति कर रहा है, वह बेहद सराहनीय है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने भी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अध्ययन, नवाचार व कौशल विकास के लिए विश्वविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का उल्लेख करते हुए उनके भरपूर उपयोग के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. रेनु यादव ने विद्यार्थियों के समक्ष विस्तृत प्रस्तुतिकरण देते हुए विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं, संसाधनों व विद्यार्थी हितैषी प्रयासों का उल्लेख किया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने विद्यार्थियो का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में अध्ययन-अध्यापन के लिए संस्थागत स्तर पर निरंतर नई सुविधाओं का विकास जारी है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजीव कौशिक, वित्त अधिकारी डॉ. विकास कुमार, शोध अधिष्ठता प्रो. नीलम सांगवान, शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मौर्य, स्कूल ऑफ लाइफ लाँग लर्निंग के डीन प्रो. आशीष माथुर, डॉ. रीना ने विश्वविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं व उनकी कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इस अवसर पर प्रो. सुनीता श्रीवास्तव, प्रो. आकाश सक्सेना, प्रो. विनोद, प्रो. मोना शर्मा, डॉ. राजीव वशिष्ठ, डॉ. विष्णु कुचेरिया, डॉ. राकेश कुमार सहित भारी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक व अधिकारी उपस्थित रहे। दीक्षारंभ कार्यक्रम के पंाचवे दिन बी.एससी एम.एससी. रसायन विज्ञान, बी.एससी. एम.एससी. भौतिकी, बी.एससी. एम.एससी. गणित, बी.एससी. मनोविज्ञान (ऑनर्स), बी.वॉक- बायोमेडिकल साइंसेज, बी.वॉक- रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट, बी.वॉक- इंडस्ट्रीयल वेस्ट मैनजमेंट के विद्यार्थियों ने प्रतिभागिता की। आयोजन में उप-छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. नीरज कर्ण सिंह तथा सहायक छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. मुलाका मारूति व देवेंद्र राजपूत ने महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा की।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top