विद्यार्थियों में नवाचार और स्वरोजगार की भावना जरूरी है – प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा
महेंद्रगढ़, 3 सितम्बर (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
राजकीय महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ में कॉमर्स विभाग द्वारा उद्यमिता पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वरोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था, ताकि वे छोटे-छोटे उद्योग स्थापित कर खुद रोजगार के अवसर पैदा कर सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य महोदया ने विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार और कौशल आधारित शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमशीलता की भावना विकसित करना शिक्षा का एक अहम हिस्सा है।
इस अवसर पर कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. नीतू शर्मा ने पखवाड़े के उद्देश्यों और गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस पखवाड़े में विद्यार्थियों ने विचार गोष्ठियों, प्रतियोगिताओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपने-अपने कौशल और विचारों का आदान-प्रदान किया तथा उन्हें जीवन में अपनाने की शपथ भी ली।
प्रतियोगिताओं में निशांत बीकॉम प्रथम वर्ष को प्रथम स्थान, अजय बीएससी प्रथम वर्ष को द्वितीय स्थान और जतिन बीकॉम प्रथम वर्ष को तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को आगामी शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
यह सभी प्रतियोगिताएँ जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा के निर्देशन में संपन्न करवाई गईं, ताकि विद्यार्थियों का शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके और उनमें कौशल-आधारित शिक्षा के प्रति जागरूकता पैदा हो सके।
#newsharyana
