महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की अहम योजना

उच्च शिक्षा के लिए ऋण पर ब्याज दर पर 5 प्रतिशत अनुदान

नारनौल, 3 सितंबर (परमजीत सिंह/गजेन्द्र यादव)।
महिला सशक्तिकरण के लिए हरियाणा सरकार महिला विकास निगम की तरफ से महत्वपूर्ण योजना चला रही है। हरियाणा महिला विकास निगम की ओर से लड़कियों व महिलाओं को देश विदेश में उच्च शिक्षा के लिए बैंकों के माध्यम से शिक्षा ऋण प्राप्त करने पर ब्याज दर में 5 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है।
यह जानकारी देते हुए कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार लड़कियों व महिलाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने पर 5 प्रतिशत ब्याज दर से सब्सिडी देने के लिए वचनबद्ध है ताकि मंहगें ब्याज दर के कारण कोई भी छात्रा उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित न रह सके।
उन्होंने बताया कि लड़कियों व महिलाओं को तकनीकी, डिप्लोमा, स्नातकोत्तर, पीएचडी व अन्य उच्च शिक्षा कोर्स में दाखिला लेने के लिए महिला विकास निगम की ओर से शिक्षा ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज राशि की क्षतिपूर्ति महिला विकास निगम के द्वारा की जाती है। यह योजना लड़कियों व महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। यह सुविधा प्राप्त करने के लिए आय, जाति सहित कोई अन्य शर्त नहीं है। इसके लिए लड़कियों व महिलाओं का हरियाणा का स्थाई निवासी होना अनिवार्य है। इस संबंध में अन्य किसी जानकारी के लिए बस स्टैंड के नजदीक नरूला होटल के पीछे स्थित हरियाणा महिला विकास निगम कार्यालय में आकर तथा कार्यालय के दूरभाष नंबर 01282-250346 पर फोन कर जानकारी ले सकते हैं।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top