विद्यार्थियों में लेखन कौशल और रचनात्मकता बढ़ाना हमारी प्राथमिकता – प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा
महेन्द्रगढ़,न्यूज हरियाणा (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
राजकीय महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ के वाणिज्य एवं अर्थशास्त्र सोसायटी के तत्वाधान में महाविद्यालय परिसर में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन क्षमता, रचनात्मक सोच, तार्किक विश्लेषण और विषयगत ज्ञान को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा ने किया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता का सफल संचालन वाणिज्य विभाग से डॉ. नीतू शर्मा, डॉ. जितेन्द्र सिंह और प्रो. पूजा रानी तथा अर्थशास्त्र विभाग से प्रो. मुकेश कुमारी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचारों को स्पष्ट एवं सृजनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने न केवल अपने विषयगत ज्ञान का प्रदर्शन किया बल्कि अपने विचारों को तार्किक, प्रभावशाली और रचनात्मक रूप में व्यक्त करने की कला भी दिखाई।
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। प्रथम स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा रानी को प्राप्त हुआ। द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से बी.कॉम प्रथम वर्ष की छात्राओं कुमकुम और सिमरन को मिला, जबकि तृतीय स्थान बी.कॉम द्वितीय वर्ष के छात्र जतिन ने प्राप्त किया।
प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा ने विजेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें भविष्य में उच्च उपलब्धियाँ हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, लेखन कौशल और शैक्षणिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने में अत्यंत सहायक हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय में इस तरह की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच, प्रतियोगिता की भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। आयोजकों ने यह आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जाएँगी, ताकि विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मक क्षमता और अकादमिक विकास को निरंतर प्रोत्साहन मिलता रहे।
#newsharyana
