विधायक कंवर सिंह यादव व डीएमसी रणवीर सिंह ने चौ रणबीर सिंह हुड्डा पार्क में चलाया स्वच्छता अभियान
महेंद्रगढ़, 12सितम्बर (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
शहरी स्वच्छता अभियान के तहत महेंद्रगढ़ में आमजन की सक्रिय भागीदारी से सफाई अभियान चलाया और नागरिकों ने सफाई के लिए शपथ लेकर अपने आसपास सफाई रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव मुख्य अतिथि व जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
विधायक कंवर सिंह ने कहा कि स्वच्छता को स्वभाव में शामिल करना बेहद जरूरी है तभी हम सभी मिलकर स्वच्छ पर्यावरण बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। आज इस पुनीत अभियान के कारण हर आमजन स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए उत्साहित है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश भर में चलाए जा रहे स्वच्छ शहर अभियान के तहत आमजन को स्वच्छता की मुहीम से जोड़कर शहर में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत शहरी क्षेत्र को स्वच्छ बनाने की दिशा में नगर निकायों के अधिकारी व कर्मचारी सफाई करते हुए दूसरों को घरों के आसपास नियमित रूप से सफाई करने के लिए प्रेरित कर रहे है। इस सफाई अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को साफ सफाई के प्रति जागरूक करना है। लोगों की भागीदारी से ही शहर को गंदगी से मुक्त किया जा सकता है। शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई कर लोगों को अभियान के साथ जोड़ा जा रहा है और लोगों को कचरा सड़क अथवा गली में डालने के स्थान पर डस्टबीन में एकत्रित करते हुए कचरा उठाने वाली गाड़ी में डालने के लिए जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम से पहले विधायक कंवर सिंह यादव व जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह ने पौधा लगाकर आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डीएमसी ने कहा कि यह एक निरंतर कार्यक्रम है, इसे अपनी आदत बनाते हुए नियमित सफाई कार्य करे। उन्होंने कहा कि नियमित सफाई के अभाव में नालियों में गंदगी बढ़ जाती है। इसका सीधा प्रभाव पानी निकासी पर पड़ता है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को सभी वार्डों में नियमित रूप से गलियों एवं नालियों की सफाई करने के निर्देश दिए और उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्डो में विभिन्न विभागों के नियुक्त नोडल अधिकारी अपने अपने वार्डो में निगरानी कर रहे है। उन्होंने बताया कि कूड़ा फेंकने वालों पर अब कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक व जिला नगर आयुक्त ने पार्क का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को पार्क की कमियों को दूर करने के दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर पालिका सचिव गौरव कुमार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
#newsharyana
