जागरूकता के साथ पीएम के टीबी मुक्त भारत के सपने को करें साकार: शोभा शर्मा

नारनौल,19 जून(परमजीत सिंह/गजेन्द्र यादव)।
उपायुक्त डॉ विवेक भारती के दिशा निर्देशानुसार
व रेडक्रास सचिव बलवान सिंह के मार्गदर्शन में मोहल्ला मीटिंग आयोजित कर क्षय रोगियों को टीबी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी के तहत जिला टीबी कोऑर्डिनेटर शोभा शर्मा ने आज मोहल्ला रावका में मोहल्ला बैठक आयोजित कर लोगों को टीबी के बारे में जागरूक किया।
जिला टीबी कोऑर्डिनेटर शोभा शर्मा ने कहा कि यदि दस दिन से अधिक किसी को खांसी की समस्या है तो उन्हें तुरंत अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर टीबी की जांच करवानी चाहिए। खांसी, सांस लेने में परेशानी और थकावट टीबी के मुख्य लक्षण हैं। उन्होंने कहा कि टीबी का इलाज संभव है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी की दवाइयां फ्री में दी जाती हैं।
उन्होंने कहा कि टीबी का 6 माह तक इलाज चलता है। कुछ मरीज बीच में इलाज लेना छोड़ देते हैं जिससे बीमारी को दूर करने में दिक्कत आती है। इसलिए एक बार टीबी का कोर्स शुरू करने के बाद थोड़ी सी राहत मिलने पर दवाइयां लेना बंद न करें।
इस मौके पर उन्होंने दवाइयाें, संतुलित आहार, सावधानी व सरकार की तरफ से चलाई जा रही योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि टीबी मरीज को सरकार की ओर से हर माह संतुलित आहार और नकद राशि भी दी जाती है। जिले में मोहल्ला बैठकों के माध्यम से क्षय रोगियों को जागरूक किया जा रहा है। बहुत से लोग क्षय रोग की अनदेखी कर देते हैं जोकि खतरनाक हो सकता है। सावधानी के साथ इस बीमारी का नियमित उपचार करवाना बहुत जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को टीबी मुक्त करने की मुहिम चलाई हुई है। यह मुहिम हम सभी के जागरूक होने पर ही सफल हो सकती है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज के लोग जागरूक होकर टीबी मुक्त भारत के सपने को साकार करने में सहयोग प्रदान करें।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top