बागवानी से संबंधित जानकारी के लिए ब्लॉक उद्यान विकास अधिकारी के मोबाइल नंबर पर कर सकते हैं संपर्क

नारनौल, 19 जून(परमजीत सिंह/गजेन्द्र यादव)।

एक किसान अधिकतम 10 एकड़ तक प्राप्त कर सकता है अनुदान

बागवानी विभाग की ओर से बेर, अमरुद, अनार, चीकू, आंवला व नींबू वर्गीय बाग लगाने पर प्रति एकड़ 40 फीसदी अनुदान दिया जाता है। किसानों को नया बाग लगाने पर अनुदान राशि तीन किस्तों में देने का प्रावधान है। नए बाग की स्थापना प्रथम वर्ष व तीन किस्तों में अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। बाग लगाने के तहत एक किसान अधिकतम 10 एकड़ क्षेत्र तक अनुदान प्राप्त कर सकता है।
यह जानकारी देते हुए जिला उद्यान अधिकारी डा प्रेम कुमार यादव ने बताया कि बागवानी फसलों को बढ़ावा देने व किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बागवानी से संबंधित किसी जानकारी के लिए ब्लॉक उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय व उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं। नारनौल व सीहमा ब्लॉक के लिए उद्यान विकास अधिकारी के मोबाइल नंबर 9579600685 पर, अटेली व कनीना के लिए 9518121395, महेंद्रगढ़ व सतनाली के लिए 9660959092 तथा नांगल चौधरी व निजामपुर के लिए उद्यान विकास अधिकारी के मोबाइल नंबर 9460001145 पर फोन कर जानकारी ले सकते हैं।

बाग लगाने के लिए अपनाएं ये विधि

जिला उद्यान अधिकारी प्रेम यादव ने बताया कि नए बाग के लिए 3 गुना 3 फुट साइज के गड्ढे खोदते समय पहले ऊपर 1.5 फीट मिट्टी अलग निकाल लें व नीचे की 1.5 फीट मिट्टी अलग निकाले। इसके बाद 15 दिन गढ़ों को खुला छोड़ दें। 15 दिन बाद प्रत्येक गड्ढे में ऊपर वाली 1.5 फीट मिट्टी में गोबर की खाद, सिंगल सुपर फास्फेट मिलाकर गढ़ों को भरकर पानी लगाए। पौधे लगाने से पहले 2 दिन तक गढ़ों में पानी न दें, अगर जमीन में दीमक की शिकायत है तो लगाए गए पौधों में पानी के साथ क्लोरोपाईरीफोस कीटनाशक का घोल बनाकर सभी पौधों में डालें।

पौधे लगाने का समय व पौधों की खरीदारी

बाग लगाने के लिए जुलाई से सितंबर माह उचित है। राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड द्वारा प्रमाणित किसी भी नर्सरी से आप पौधे खरीद सकते हैं।

स्कीम का लाभ लेने के लिए दस्तावेज

जिला उद्यान अधिकारी प्रेम यादव ने बताया कि स्कीम का लाभ लेने के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। स्कीम का लाभ लेने के लिए midhsuraksha.in पर आवेदन करना होगा। परिवार पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पौधों का ओरिजिनल बिल, जमाबंदी, फर्द, इंतकाल व पटवारी की रिपोर्ट लगानी होगी।
#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top