नारनौल, 27 जून(परमजीत सिंह/गजेन्द्र यादव)।
12 वाहन जब्त, लाखों का जुर्माना ठोका
2 मामलों में एफआईआर दर्ज के लिए भेजी शिकायत
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अवैध खनन के खिलाफ पारदर्शी और जीरो-टॉलरेंस नीति का सीधा असर महेंद्रगढ़ जिले में दिख रहा है। इसी नीति के तहत जिला प्रशासन और खनन विभाग ने मिलकर पिछले 10 दिनों में अवैध खनन और खनिज के अवैध परिवहन पर लगातार कड़ी कार्रवाई की है। इसके परिणामस्वरूप 12 वाहनों को जब्त किया गया है और लाखों का जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा खनिज के अवैध परिवहन के दो मामलों में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए लिखा गया है।
जिला खनन इंजीनियर डॉ. राजेश कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग और उपायुक्त डॉ. विवेक भारती के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार सक्रिय हैं। इस अभियान में हरियाणा पुलिस विभाग का भी विशेष सहयोग मिल रहा है।
डॉ. कुमार ने बताया कि 16 से 26 जून तक की अवधि में कुल 1258 वाहनों की गहनता से जांच की गई। इस दौरान खनिज का अवैध परिवहन करते पाए गए 12 वाहनों को जब्त किया गया। इन पर कुल 41,77,750 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। अब तक जब्त किए गए 6 वाहनों से 28,89,750 रुपये की राशि वसूल भी कर ली गई है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है जिसके तहत वे राज्य में खनन गतिविधियों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना चाहते हैं। उनकी नीतियों ने अवैध खनन के खिलाफ एक मजबूत संदेश दिया है। इस तरह का अभियान जिला प्रशासन की ओर से भविष्य में भी जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि खनन को लेकर जिला प्रशासन भी लगातार प्रति माह बैठक ले रहा है।
#newsharyana