राजकीय महाविद्यालय महेन्द्रगढ़ में नव शैक्षणिक सत्र 2025-26 का शुभारंभ, स्टाफ मीटिंग में आगामी कार्य योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

महेंद्रगढ़,1जुलाई (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
राजकीय महाविद्यालय, महेन्द्रगढ़ में नव शैक्षणिक सत्र 2025-26 के शुभारंभ के अवसर पर एक आवश्यक स्टाफ मीटिंग का आयोजन महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी महेन्द्रगढ़ एवं महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर (डॉ.) पूर्ण प्रभा ने की। बैठक में महाविद्यालय के समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया गया तथा उन्हें आगामी सत्र के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक के दौरान नव प्रवेश प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें प्राप्त आवेदनों की संख्या, फीस जमा की स्थिति तथा नामांकन को प्रोत्साहित करने के लिए अपनाई जाने वाली रणनीतियों पर विचार किया गया। प्रवेश समितियों की कॉलेज में उपस्थिति, कार्य समय तथा शिक्षण कार्य के साथ संतुलन बनाए रखने की योजना भी तैयार की गई।
प्राचार्या डॉ. पूर्ण प्रभा ने इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 300 पौधों के वृक्षारोपण अभियान की घोषणा की, जिसे एनएसएस एवं एनसीसी इकाइयों के सहयोग से संचालित किया जाएगा। लॉन एवं बागवानी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए परिसर की स्वच्छता और रखरखाव की जिम्मेदारी विभिन्न विभागों को सौंपी गई। विद्यार्थियों एवं स्टाफ के उपयोग हेतु शौचालयों की सफाई, मरम्मत तथा जल आपूर्ति की स्थिति पर भी विचार किया गया और सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी व्यवस्था को मजबूत करने हेतु निर्देश दिए गए। साथ ही कॉलेज परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई तथा सभी स्टाफ सदस्यों को प्रतिदिन समय पर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए आर.ओ. सिस्टम तथा जलशीतकों की स्थिति पर चर्चा करते हुए उनके सुचारू संचालन और समय-समय पर रखरखाव के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों को निर्देशित किया गया। प्राचार्या डॉ. पूर्ण प्रभा ने सभी स्टाफ सदस्यों से अपेक्षा की कि वे इस नव सत्र में पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से कार्य करते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास हेतु सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर उप-प्राचार्य प्रो. विजय यादव, प्रो. जितेन्द्र कुमार वशिष्ठ, प्रो. शमशेर सिंह, प्रो. सोमवीर व डॉ अनीता यादव सहित महाविद्यालय के सभी विभागों के प्राध्यापकगण, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top