महेंद्रगढ़, 7 जुलाई (परमजीत सिंह)।
मिशन “महेंद्रगढ़ अपना जल” के तहत ममाज टीम ने गांव रिवासा के खेल मैदान में त्रिवेणी (बड़, पीपल, नीम) सहित बेलपत्र व आंवला के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अभियान में टीम सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और गांववासियों को पेड़ों के महत्व के प्रति जागरूक किया।
पौधारोपण अभियान की शुरुआत टीम सदस्यों राजकुमार, अनूप रिवासा एवं रामफल द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मनुष्य के जीवन के लिए भोजन आवश्यक है, उसी प्रकार वृक्ष भी जीवन के लिए अनिवार्य हैं। आज के स्वार्थपूर्ण युग में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई पर्यावरण के लिए एक बड़ा संकट बन चुकी है।
इस मौके पर ममाज टीम सदस्य रामफल पुत्र दयालचंद ने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसे गर्मी का अधिक होना व वर्षा में कमी का मुख्य कारण पेड़ों की कमी है। उन्होंने आगाह किया कि यदि समय रहते पर्यावरण की ओर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
पूर्व उपायुक्त डॉ. जयकिशन आभीर द्वारा शुरू किए गए “मिशन महेंद्रगढ़ अपना जल” को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। अनूप रिवासा व राजकुमार ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत गांव में ट्री गार्ड सहित कुल पांच पौधे लगाए गए हैं, जिनकी देखभाल के लिए नियमित रूप से खाद, पानी व दवा की व्यवस्था गांव के युवाओं द्वारा की जाएगी।
कार्यक्रम में बलराम, गोलू, पवन मिस्त्री, रामफल, इशिका, मनवीर, राजकुमार, बिनोद समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#newsharyana