नारनौल, 22 जुलाई (परमजीत सिंह/गजेन्द्र यादव)।
नशा मुक्त समाज बनाना सरकार व प्रशासन की प्राथमिकता : डॉ विवेक भारती
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती की अध्यक्षता में आज लघु सचिवालय में नशा मुक्त भारत अभियान तथा एनकोड के तहत एक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं को नशे से बचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी गई।
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बताया कि महेंद्रगढ़ में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं।हरियाणा सरकार इस दिशा में पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाना हरियाणा सरकार की बड़ी प्राथमिकता है। इसके लिए मेडिकल स्टोरों पर लगातार छापे मारे जा रहे हैं और पुलिस भी कड़ी कार्रवाई कर रही है। स्कूलों और कॉलेजों में भी लगातार जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि युवा नशे के नुकसान समझ सकें।
इस मौके पर डीएसपी सुरेश कुमार ने ‘नशा मुक्त गांव अभियान’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस युवाओं को खेल से जोड़ने पर भी काम कर रही है ताकि उनकी ऊर्जा सही दिशा में लगे और वे नशे से दूर रहें। पुलिस ने जून माह में एनडीपीएस के पांच मामले दर्ज किए हैं। जून में जागरूकता के 65 कार्यक्रम करवाएं हैं। जून में पुलिस ने 48 नागरिकों को नागरिक अस्पताल नारनौल के रिहेबलिटेशन सेंटर में भिजवाया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा ने भी सेवा विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया।
इसके अलावा उपायुक्त ने चिन्हित अपराध को लेकर भी बैठक ली। उन्होंने ऐसे मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस बैठक में एसडीएम नारनौल रमित यादव, जेल अधीक्षक संजय बांगड़, जिला न्यायवादी रमणीक यादव, मनोचिकित्सक डॉ अनिल यादव तथा नशा मुक्ति केंद्र से रोहतास रंगा के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
#newsharyana
