महेंद्रगढ़,5 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
गांव देवनगर में सावन माह के अंतिम सोमवार को स्थित मोटा महादेव मंदिर प्रांगण में भव्य मेले, जागरण, भंडारे और कुश्ती दंगल का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। यह आयोजन मोटा महादेव मंदिर ट्रस्ट एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न हुआ।
मंदिर ट्रस्ट के सचिव संसार चंद, कैशियर अशोक कुमार देवनगर एवं समाजसेवी मुकेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार देर रात तक भंडारा चलता रहा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और जागरण में भाग लेकर बाबा की महिमा का गुणगान किया।
जागरण में प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण बना दिया। योगेश डागर, दीप यादव निराला, नीशा जांगड़ा, तन्नू डांसर, गीता चौधरी, सुभाष दोचानिया, सुनील कुमार, शिव कुमार यादव एवं गायक देशराज एंड पार्टी ने भगवान शिव की स्तुति में भजन प्रस्तुत किए।
मेले में 100 रुपये से लेकर 21,000 रुपये तक की कुश्तियां करवाई गईं। मुख्य आकर्षण ₹21,000 की कुश्ती बलजीत बाघोत और पाण्डु गोठड़ा के बीच हुई, जो बराबरी पर रही। ₹11,000 की कुश्ती अनिल बाघोत ने, ₹5,100 की कुश्ती बिंद्र बाघोत ने जीत कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त ₹3,100, ₹2,100, ₹1,100 और ₹100 से ₹500 तक की 40 से अधिक कुश्तियां करवाई गईं।
कुश्ती दंगल में राजेश शर्मा (झाड़ली), तारा चंद पहलवान (ढाणी तिलोड़ी) और पोनी पहलवान (महेंद्रगढ़) ने निर्णायक की भूमिका निभाई। विजेता पहलवानों को महंत भवानी शंकर गिरी महाराज, सरपंच कृष्ण कुमार, मास्टर जिले सिंह एवं शिव मंदिर कमेटी के सदस्यों द्वारा सम्मानित किया गया।
पूरे आयोजन में मंदिर कमेटी एवं ग्रामवासियों का भरपूर सहयोग रहा, जिससे यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
#newsharyana
