राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ रैली का भव्य आयोजन

तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक – प्राचार्य प्रो. डॉ.पूर्ण प्रभा

महेंद्रगढ़, 11 अगस्त (परमजीत सिंह/कुणाल सिंह)।

आजादी का अमृत महोत्सव और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के गीतों और नारों से गूंज उठा, जब एनसीसी, एनएसएस, इको क्लब के सदस्य तथा सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ सदस्य हाथों में तिरंगा लेकर जोश और उत्साह से भरकर सड़क पर निकले।

रैली का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ और यह मुख्य मार्ग होते हुए महाराणा प्रताप चौक तक पहुंची। इस दौरान “भारत माता की जय”, “तिरंगा हमारी शान है”, “झंडा ऊंचा रहे हमारा” जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया। शहरवासियों ने भी जगह-जगह रैली का स्वागत किया।

उपमंडल अधिकारी (नागरिक) महेंद्रगढ़, सुश्री कनिका गोयल, आईएएस ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवा पीढ़ी के कंधों पर राष्ट्र का भविष्य टिका है, इसलिए युवाओं का जागरूक, अनुशासित और राष्ट्रहित में सक्रिय होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत प्राचीन काल से ही विश्व गुरु रहा है और इस गौरव को पुनः स्थापित करने के लिए युवाओं की भागीदारी अनिवार्य है।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के प्रति कर्तव्य, एकता, अखंडता, समर्पण और विश्वास की भावना को प्रबल बनाना है। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशा-मुक्त भारत के निर्माण में सरकार का सहयोग करें, अपने जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनाएं तथा राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए शिक्षा ग्रहण करें। प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा ने कहा, “तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है, जो पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधता है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि देश का भार युवा पीढ़ी के कंधों पर है और वे अपनी प्रतिभा व ऊर्जा से भारत को फिर से विश्व गुरु बना सकते हैं।

रैली में महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने सुसंगठित मार्च पास्ट किया, एनएसएस स्वयंसेवकों ने समाज जागरूकता के संदेश वाले पोस्टर थामे रखे और इको क्लब के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र प्रेम से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर हिंदी विभाग से डॉक्टर अनीता यादव ने भी अपने विचार रखें।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. पूर्ण प्रभा ने सभी स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों का विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने गर्मी के बावजूद अदम्य उत्साह और देशभक्ति के साथ पैदल मार्च करते हुए महाराणा प्रताप चौक तक पहुंचकर देश के प्रति अपने समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया।

#newsharyana

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top