महेंद्रगढ़ 12 अगस्त (परमजीत सिंह/शैलेन्द्र सिंह)।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में ‘एंटी-रैगिंग दिवस’ के अवसर पर मंगलवार को एंटी-रैगिंग रैली का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने इस रैली को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि किसी भी नवप्रवेशी विद्यार्थियों के प्रति वैमनस्यपूर्ण व्यवहार न रखते हुए विश्वविद्यालय परिसर को ‘घर से दूर एक घर’ की भावना से संजोना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में आपसी सौहार्द एवं गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय परिसर में निकाली गई इस रैली का शुभारंभ शैक्षणिक खंड एक से हुआ और अन्य शैक्षणिक भवनों से होते हुए यह रैली शैक्षणिक खंड चार पर समाप्त हुई। रैली में विद्यार्थियों ने रैगिंग के दुष्प्रभावों एवं इसके परिणामों को उजागर करने वाले स्लोगन और तख्तियां लेकर नारे लगाए। रैली में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने पोस्टर बनाकर एंटी-रैगिंग का संदेश दिया।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. पवन कुमार मौर्य ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा 12 अगस्त को ‘एंटी-रैगिंग दिवस’ घोषित किए जाने एवं 12 से 18 अगस्त 2025 तक ‘एंटी-रैगिंग सप्ताह’ मनाए जाने के आह्वान के अंतर्गत विश्वविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में रैली, अभिमुखीकरण कार्यक्रम, नाट्य प्रस्तुति, पोस्टर एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता तथा व्याख्यान शामिल हैं।
प्रो. पवन कुमार मौर्य ने कुलपति का बहुमूल्य समय देने एवं विद्यार्थियों को संबोधित करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वविद्यालय समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा, कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार, शोध अधिष्ठाता प्रो. नीलम संगवान, कुलानुशासक प्रो. नंद किशोर, सभी संकाय अधिष्ठाताओं, विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के आयोजन में एंटी-रैगिंग समिति के सदस्य डॉ. नीरज कर्ण सिंह, डॉ. सिद्धार्थ राय, डॉ. अनीता कुमारी, डॉ. सुमित और डॉ. अमिता ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने नवप्रवेशी एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिसर ‘एंटी-रैगिंग ज़ोन’ है और भविष्य में भी इस परंपरा को बनाए रखने का परामर्श दिया।
#newsharyana
